अमृतधारा जलप्रपात:
अमृतधारा जलप्रपात एम.सी.बी. जिले के मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से 26 किमी दूर हसदेव नदी पर स्थित है। नदी का पानी 90 फीट की ऊंचाई से गिरता है। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण पानी दूध के समान दिखाई पड़ता है। वर्षा ऋतु में यह दृश्य और भी विहंगम हो जाता है। यहाँ एक प्राचीन शिव मंदिर है और महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला लगता है। इस मेले का प्रारंभ तत्कालीन रूलर चीफ स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव ने 1935 में किया था। नवीन एम.सी.बी. जिले के गठन (सन् 2022) के बाद जिला प्रशासन द्वारा “अमृतधारा महोत्सव” का आयोजन किया जाता है। यह संभाग का प्रमुख जलप्रपात है।




















